लॉकडाउन खुलने के बाद अपराधी वारदात करने में सक्रिय हो गए हैं वहीं पुलिस भी उनकी धरपकड़ में लगी है। शाहदरा डिस्ट्रिक के सीमापुरी इलाके में पुलिस ने एक बदमाश को गोली मारने के बाद घायल कर पकड़ा।
इससे पहले पुलिस ने उसे सरेंडर करने की हिदायत दी, जहां आरोपी ने पुलिस के ऊपर फायरिंग कर दी थी। आरोपी के पकड़े जाने से लूट और झपटमारी के काफी मामले सुलझ गए हैं। इसके पास से पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और सोने की चेन का कुछ हिस्सा मिला है।
डीसीपी अमित शर्मा ने बताया 24 जून की आधी रात सूचना मिली कि कुख्यात बदमाश अनीश उर्फ बाबू ओल्ड सीमापुरी इलाके में घूम रहा है। यह पता चलते ही पुलिस ने श्मशान घाट के सामने सड़क पर बैरिकेड लगाकर चेकिंग शुरू की।
साढ़े बारह बजे एक शख्स ओल्ड सीमापुरी गोल चक्कर की ओर से बाइक पर आते नजर आया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। वह रुक गया। पुलिस ने उसे सरेंडर करने के लिए कहा, जिस पर उसने फायरिंग कर दी।
पुलिस ने भी तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके पैर में लगी। गोली लगते वह सड़क पर गिर गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू में किया और फिर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। आरोपी ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग की थी।
सीमापुरी थाने में इसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया। वह लूटपाट, झपटमारी, आर्म्स एक्ट, चोरी के 26 आपराधिक मामलों में शामिल पाया गया है। इसके पकड़े जाने से पुलिस ने लूट और झपटमारी के चार केस सुलझा लिए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2VAw7Kv
via IFTTT
0 Comments